उत्तर प्रदेश मछली शहर विधानसभा क्षेत्र के डभिया निवासी मैराथन धावक सभाजीत यादव के पुत्र रोहित यादव ने जापान की धरती पर जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। विदेशी धरती पर मिली इस उपलब्धि के बाद रोहित के घर लौटने पर क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर समर्थकों और शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ रोहित का स्वागत किया। इसके बाद करीब 50 किलोमीटर की यात्रा के दौरान रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। रोहित की सफलता की कहानी संघर्ष और मेहनत से जुड़ी है। सीमित संसाधनों के बीच उनके पिता सभाजीत यादव ने बेटे के खेल के प्रति लगन को देखते हुए घर पर ही बांस का भाला तैयार कर अभ्यास शुरू कराया। संसाधनों के अभाव के बावजूद पिता-पुत्र की मेहनत और लगन ने आखिरकार रंग दिखाया और रोहित ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक हासिल किया। रोहित की इस उपलब्धि पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की ओर से भी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी लालजी यादव के निर्देश तथा जिलाध्यक्ष मोतीलाल यादव के नेतृत्व में महासभा की टीम रोहित के घर पहुंची और उन्हें अंगवस्त्र, श्रीकृष्ण पत्रिका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला महासचिव मायाकांत यादव, सदर तहसील अध्यक्ष सर्वेश यादव, पूर्व महासचिव राम प्रकाश यादव एडवोकेट, मछलीशहर तहसील अध्यक्ष हरिलाल यादव, बरसठी ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, मछलीशहर ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव तथा इंजीनियर गौरव यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

