उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान लगातार चलाया जा रहा है। शुक्रवार को जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया। इसके साथ ही ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के संबंध में जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिला अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा, सम्मान, आत्मरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share