उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ रिश्तेदारी में आया स्वर्ण व्यवसाई बाइक से अपने घर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पांच अन्य लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से 3 लोगों को रेफर किया गया है। जिले की सदर कोतवाली व नगर क्षेत्र के चिलबिला बाजार निवासी सियाराम सोनी 40 वर्ष पुत्र ननकऊ सोनी बाइक से कुंडा रिश्तेदारी में आए हुए थे। जहां पुराना कुंडा निवासी दशरथ लाल सोनी पुत्र गुलाब चंद्र सोनी से मिलने के बाद बाइक से ही अपने घर वापस कुंडा-प्रतापगढ़ रोड से लौट रहे थे। कुंडा कस्बे के तिलोरी विक्रमपुर मोहल्ले के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर में सड़क पर गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इसी प्रकार क्षेत्र में हुई अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महेशगंज थाना क्षेत्र के भीखापुर कौड़िया डीह निवासी आनंद कुमार पांडे 55 वर्ष पुत्र राम सुमेर पांडे तथा पुत्री कल्पना पांडे 22 वर्ष शनिवार की रात वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से लौटते समय सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए। जिससे पिता पुत्री दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय प्रयागराज रेफर किया गया है। बाघराय थाना क्षेत्र के उमरी कोटिला निवासी धीरेंद्र कुमार 40 वर्ष पुत्र बालानंद सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के हिसामपुर मनगढ़ निवासिनी विधवा माधवी साहू 40 वर्ष पत्नी स्वर्गीय अमरनाथ साहू वाहन की टक्कर में घायल हो गई। इलाज के लिए उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बाघराय थाना क्षेत्र के हवेली बिहार निवासी मुस्सी 20 वर्ष पुत्र अनीस अहमद शनिवार की रात्रि सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। कुंडा कोतवाली व नगर क्षेत्र के गडरिया का पुरवा निवासी हिमांशु पाल 20 वर्ष पुत्र बंशीलाल पाल सड़क दुर्घटना में चोटिल हो गया। इलाज के लिए उसे सीएचस में भर्ती कराया गया है। जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है।: – शहबाज खान की खास रिपोर्ट