उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने घटना में इस्तेमाल गमछा भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, पीसीपी इंटर कॉलेज के पास झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई थी। उसके बाएं हाथ पर ‘अल्लाह’ लिखा हुआ था। जांच और शिनाख्त के प्रयासों के बाद मृतक की पहचान कय्यूम पुत्र चांद बाबू अहमद, निवासी छेउका, थाना हुसैनगंज के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता चांद बाबू की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हुसैनगंज पुलिस ने कमलेश पुत्र हरिश्चन्द्र निवासी छेउका और उसकी पत्नी प्रीती को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कमलेश ने बताया कि कय्यूम और उसकी पत्नी के बीच पहले प्रेम-प्रसंग था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को कय्यूम उसके घर आया था, जहां पत्नी के साथ कथित जबरदस्ती करने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद कमलेश और प्रीती ने मिलकर गमछे से गला दबाकर कय्यूम की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हल्के हरे रंग का चेकदार गमछा बरामद किया है। इस मामले में थाना हुसैनगंज में मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की विधिक कार्यवाई की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share