उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यरत सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने एक बार फिर सराहनीय कार्य किया। बांदा जिले के एक जरूरतमंद मरीज को दुर्लभ रक्त समूह O निगेटिव (O−) की आवश्यकता पड़ने पर संस्था ने जिले से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कराकर मानवता और सामाजिक सहयोग की मिसाल पेश की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांदा जिले के छोटी बाजार, मूचियाना निवासी दिनेश कुमार साहू, पुत्र लल्लू राम साहू, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा में दोनों पैरों की हड्डियों के ऑपरेशन के लिए भर्ती थे। उपचार के दौरान मरीज को दुर्लभ रक्त समूह O निगेटिव की आवश्यकता पड़ी। यह रक्त समूह बांदा जिले के किसी भी रक्त केंद्र में उपलब्ध नहीं हो पा रहा था, जिससे मरीज के परिजन काफी परेशान थे।
ऐसे कठिन समय में बांदा की टीम के अध्यक्ष सलमान ने फतेहपुर स्थित सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के प्रबंधक गुरमीत सिंह से संपर्क किया। सूचना मिलते ही संस्था ने रक्तकेंद्र के सहयोग से रक्त की व्यवस्था कराई और मरीज की बेटी एवं तीमारदार रिचा साहू को आवश्यक रक्त उपलब्ध कराने में मदद की। इस पुनीत कार्य में जिले के आबू नगर निवासी रक्तदाता सुभान ने दुर्लभ रक्त समूह O निगेटिव का रक्तदान किया। यह सुभान का सातवां रक्तदान था। उनका यह योगदान जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ। इस अवसर पर सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से गुरमीत सिंह एवं अभिषेक साहू तथा मानस रक्तकेंद्र से डॉ. कैलाश पटेल, प्रभारी अमन यादव, टेक्नोलॉजिस्ट अनुस पटेल एवं लैब सहायक बलराम उपस्थित रहे। संस्था ने कहा कि रक्त की कोई सीमा नहीं होती और न ही मानवता किसी जिले की सीमाओं में बंधी होती है। बांदा के मरीज के लिए फतेहपुर से दुर्लभ रक्त की व्यवस्था होना इस बात का प्रमाण है कि आपसी सहयोग, समर्पण और सेवाभाव से जरूरतमंदों की सहायता की जा सकती है। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। संदेश: रक्तदान केवल दान नहीं, किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद जगाने का माध्यम है। जिले अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत नहीं।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share