उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अंतर्गत ग्राम लालीपुर में बहुजन समाज पार्टी की संगठन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बहुजन समाज पार्टी, जनपद फतेहपुर के जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने की। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों की समीक्षा करने तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने कहा कि वर्ष 1996 में जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी की जीत हुई थी। उसी तरह 2027 में भी संगठन को मजबूत करके सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा एवं मेहनत से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने, सभी वर्गों के लोगों को शांति एवं खुशहाली का जीवन देने, बेरोजगारी दूर करने और बैकलॉग भर्तियों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक के मुख्य अतिथि, पूर्व एमएलसी एवं प्रयागराज मंडल के मुख्य मंडल जोन प्रभारी नौशाद अली जी ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी सेक्टर एवं बूथ कमेटियों को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन का विस्तार करने तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष महेश मिश्रा, विवेक कुमार माधुरे, मंडल प्रभारी गौतम राव, विधानसभा प्रभारीगण, विधानसभा अध्यक्ष गुलशन गौतम, नीरज गौतम, नगर अध्यक्ष फतेहपुर गाज़ी अब्दुर रहमान गनी, श्यामलाल मास्टर, रोशन गौतम, दयाराम गौतम, महेंद्र गौतम, विवेक राज गौतम सहित सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी, बीवीएफ के जवान तथा सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ कमेटियों को सक्रिय बनाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प लिया गया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share