उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा चौकी अंतर्गत सकूरा-मुसाफा मार्ग पर गुरुवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुसाफा व मोहद्दीपुर गांव के मध्य करीब पांच सौ मीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक सवार तीन मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में डंपर एक मजदूर को कुचलते हुए करीब दो सौ मीटर तक घसीटते ले गया और मौके से फरार हो गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना और मुसाफा चौकी का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मृतक की पहचान मोहद्दीपुर (चकपता) निवासी 37 वर्षीय अशोक उर्फ बेटन पुत्र चंद्रपाल पाल के रूप में हुई है। अशोक पेशे से मजदूर था और गुरुवार शाम मुसाफा से अपने साथियों के साथ एक ही बाइक से गांव लौट रहा था। करवा चौथ का त्योहार था और घर पर पत्नियां सज-धज कर अपने पतियों के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं, लेकिन तभी इस दुखद घटना की खबर पहुंच गई व परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिवार में बिलखती पत्नी विनीता के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां 15 वर्षीय शारदा व 14 वर्षीय अनुराधा और एक 13 वर्षीय बेटा शामिल है। इस हादसे में घायल हुए अन्य दो लोगों की पहचान सुभाष पासवान 34 वर्ष पुत्र भिखारी लाल और शिवराज 24 वर्ष पुत्र धनीराम कुशवाहा के रूप में हुई है, जो अशोक के ही गांव के रहने वाले हैं।

घायल सुभाष विवाहित है, जिसकी पत्नी अनीता भी करवा चौथ पर पति की राह देख रही थी, जबकि शिवराज अभी अविवाहित है। चोटहिल युवकों ने बताया कि वे तीनों एक ही बाइक से गांव जा रहे थे, तभी यह अज्ञात डंपर उन पर कहर बनकर टूट पड़ा। करीब 200 मीटर तक घसीटने जैसी अमानवीय घटना व डंपर चालक के फरार होने को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा व आक्रोश व्याप्त है। मौके पर मौजूद बकेवर थाना व मुसाफा चौकी पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। करवा चौथ के दिन बेकाबू रफ्तार ने एक हंसते-खेलते परिवार का मुखिया छीन लिया, जिसके बाद से पूरे मोहद्दीपुर गांव में मातम व गम का माहौल है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share