उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के बंधवा ललौली मार्ग पर अंग्रेजी शराब ठेके के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में अढावल गांव निवासी आदित्य गुप्ता पुत्र सज्जन गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जयकरन गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार आदित्य गुरुवार को ही बाहर से अपने घर आया था। देर रात वह अपने दोस्त जयकरन पुत्र रामकृपाल निषाद निवासी भोलिया डेरा, मजरे कोर्रा कनक के साथ बाइक से ललौली से बंधवा की ओर जा रहा था। दोनों बाबा होटल में खाना खाने जा रहे थे। इसी दौरान बंधवा की ओर से ललौली जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने अंग्रेजी शराब ठेके के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आदित्य की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को एंबुलेंस से गाजीपुर अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं जयकरन की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने उसे बेहतर उपचार के लिए माया हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आदित्य की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता सज्जन गुप्ता गांव में रहकर गल्ला खरीदने का कारोबार करते हैं। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। आदित्य छोटा था। आदित्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची ललौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता सज्जन गुप्ता ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्यवाई में जुटी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share