उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के धाता नगर पंचायत धाता के सभागार में सोमवार को मत्स्य पालन के लिए एक दर्जन से अधिक तालाबों की नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नीलामी में तालाबों के पट्टे हासिल करने के लिए बोली लगाने वालों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान विभिन्न तालाबों के लिए करीब साढ़े सात लाख रुपये की बोली लगाई गई, जिससे नगर पंचायत को अच्छी आय होने की उम्मीद है। नीलामी के दौरान सोकाहे तालाब सबसे अधिक चर्चा में रहा। इस तालाब की शुरुआती बोली 40 हजार रुपये निर्धारित की गई थी, लेकिन बोली लगाने वालों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते इसकी कीमत बढ़कर 86 हजार रुपये तक पहुंच गई। अंततः सबसे अधिक बोली लगाने वाले बिक्रम सिंह के नाम सोकाहे तालाब का पट्टा आवंटित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज की अध्यक्षता में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से आयोजित नीलामी प्रक्रिया तहसील के नायब तहसीलदार नितिन कुमार सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इस सम्बन्ध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को एक दर्जन से अधिक तालाबों की नीलामी कराई गई है, जिसमें करीब साढ़े सात लाख रुपये की बोली प्राप्त हुई है। अभी कुछ तालाबों की नीलामी शेष है, जिनके लिए अगली तिथि निर्धारित कर प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।।नीलामी प्रक्रिया के दौरान नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

