उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आदर्श व्यापार मंडल गर्ग गुट संपूर्ण भारत की ओर से शहर में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शहर कोतवाल हेमंत मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ सहभागिता करते हुए वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अभियान के दौरान जागरूकता का अनूठा तरीका अपनाते हुए हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, बिना हेलमेट के वाहन चलाते मिले लोगों को भी गुलाब देकर अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने और आगे से हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाने की अपील की गई। अभियान के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर सुरक्षित सफर करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है, क्योंकि दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर में गंभीर चोट लगने के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस की कार्यवाई या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। कई बार छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है, जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने कहा कि व्यापार मंडल सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में हमेशा आगे रहता है। यातायात जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमों का महत्व समझाना और सड़क पर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जागरूकता के ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिनव यादव, कोषाध्यक्ष अभय गुप्ता, युवा जिला अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, नगर अध्यक्ष अशोक यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरमंगल सिंह सहित ट्रैफिक विभाग के टीएसआई एवं व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारी और व्यापारी साथी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सुरक्षित यात्रा करने का संदेश दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
