उत्तर प्रदेश फ़तेहपुर जिले की बिन्दकी तहसील क्षेत्र में जमीयत उलेमा तहसील बिन्दकी द्वारा बिना किसी धर्मभेद के प्रतिभा और परिश्रम को सम्मानित करने की एक सराहनीय पहल सामने आई है। जमीयत उलेमा उत्तर प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी हज़रत मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह साहब क़ासमी तथा जमीयत उलेमा तहसील बिन्दकी के अध्यक्ष हज़रत मुफ्ती अज़ीज़ुर्रहमान साहब क़ासमी के निर्देश पर तहसील इकाई के पदाधिकारियों ने दो अत्यंत प्रतिभाशाली एवं होनहार बेटियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कक्षा 8 की छात्रा शिफ़ा को साइकिल एवं नगद धनराशि प्रदान की गई, जबकि एशियाई योगासन चैंपियनशिप (दुबई) की गोल्ड मेडल विजेता नीतू सिंह को सम्मानस्वरूप शॉल, स्मृति-चिह्न एवं नगद राशि भेंट की गई। छात्रा शिफ़ा ने “वीर गाथा प्रोजेक्ट 5.0” के अंतर्गत महान स्वतंत्रता सेनानी एवं परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के जीवन पर उत्कृष्ट लघु निबंध लिखकर देशभर से भाग लेने वाले लगभग 1 करोड़ 92 लाख विद्यार्थियों में से शीर्ष 100 प्रतिभाशाली छात्रों में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र और जनपद का नाम गौरवान्वित किया। वहीं दूसरी ओर नीतू सिंह ने दुबई में आयोजित एशियाई योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 देशों के खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल एशियाई स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का नाम रोशन किया। उल्लेखनीय है कि नीतू सिंह इससे पूर्व चार बार राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी हैं। कार्यक्रम के दौरान जमीयत उलेमा तहसील बिन्दकी के पदाधिकारियों ने दोनों बेटियों के अभिभावकों को आश्वस्त किया कि शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रगति के हर चरण में यदि किसी भी प्रकार की आर्थिक कठिनाई उत्पन्न होती है, तो जमीयत उलेमा तहसील बिन्दकी सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। यह आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच, समान अवसर और प्रतिभा के सम्मान का सशक्त संदेश देता है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share