उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत फायलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (आईडीए-2025 ट्रिपल ड्रग थैरेपी) को लेकर बहुआ ब्लॉक से संबंधित जनपद स्तरीय द्वितीय डिस्ट्रिक्ट ओटीटी बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि फायलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए माइक्रोप्लान के अनुसार सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि फायलेरिया एक वेक्टर जनित रोग है, जिसका प्रमुख वाहक मादा क्यूलेक्स मच्छर है। इस बीमारी से बचाव के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि सभी नागरिक मानक के अनुसार दवा का सेवन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आबादी के आसपास स्थित जल स्रोतों की साफ-सफाई कर मच्छर नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जिला पूर्ति अधिकारी से समन्वय कर राशन वितरण के समय कैंप लगाकर लोगों को दवा खिलाए। साथ ही खंड विकास अधिकारी बहुआ को अभियान की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यह भी स्पष्ट किया गया कि गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों को दवा न दी जाए। बैठक के दूसरे चरण में एड्स समन्वय समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नाको (भारत सरकार) के निर्देशानुसार जनपद के चिन्हित हाई एवं मॉडरेट एचआईवी प्राइवेलेंस हॉट स्पॉट क्षेत्रों में 05 फरवरी से 15 मार्च 2026 के बीच एकीकृत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच, HIV/एड्स व यौन संचारित रोगों की जांच व परामर्श, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीबी, हेपेटाइटिस जांच एवं दवा वितरण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही HIV/एड्स विषय पर व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रवासी परिवारों की सूची तैयार कर उन्हें शिविर में आने के लिए प्रेरित करें तथा कार्यक्रम की निगरानी संवेदनशीलता के साथ की जाए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव नयन गिरी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share