उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में आपात कालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिले में कुल 68 एम्बुलेंस लोगों की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगी। इनमें 108 सेवा की 33 तथा 102 सेवा की 35 एम्बुलेंस शामिल हैं। सभी एम्बुलेंस को आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन एवं जीवनरक्षक उपकरणों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंचकर मरीज को समय से अस्पताल पहुंचा सके।, 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा के जिला नोडल प्रभारी रितेश कुमार सिंह एवं मोहम्मद शोयब ने बताया कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, सड़क दुर्घटनाओं तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए एम्बुलेंस कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भीड़भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि आपातकालीन स्थिति में आमजन को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को एम्बुलेंस की आवश्यकता होने पर 108 या 102 हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए। पटाखों से जलने पर बरतें सावधानी- नोडल प्रभारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली पर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को पटाखे अकेले न जलाने दें और ढीले या सिंथेटिक कपड़े पहनकर पटाखे न छुड़ाएं। पटाखे जलाते समय पास में पानी अवश्य रखें। यदि कोई व्यक्ति जल जाए तो प्रभावित हिस्से पर लगभग 20 मिनट तक साफ, ठंडा बहता पानी डालें। जले हुए स्थान पर टूथपेस्ट, हल्दी, घी या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं। गंभीर स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता लें। इन परिस्थितियों में करें 108 पर कॉल। सड़क दुर्घटना, पटाखों से गंभीर रूप से जलने, हार्ट अटैक, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी, गंभीर चोट, प्रसव संबंधी आपात स्थिति अथवा किसी अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्या में तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद लें। जिला नोडल प्रभारियों ने जनपदवासियों से सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत एम्बुलेंस सेवा को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। रितेश कुमार सिंह एवं मोहम्मद शोयब जिला नोडल प्रभारी, 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा ने दी जानकारी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
