उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 2 पर के सर्विस लाइन पर पहले से खड़ी एक कार को पीछे से आई दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टायर बदल रहे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज से हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार राजकुमार सोलंकी जो फतेहपुर में एक विभाग में कार्यरत हैं, वह अपने कार्यक्षेत्र फतेहपुर से घर आगरा जा रहे थे। आशापुर ओवर ब्रिज के पहले प्रयागराज कानपुर हाईवे पर भारत पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाकर ओवर ब्रिज के सर्विस लाइन से नीचे से जा रहे थे, तभी ड्राइवर साइड का टायर फट जाने के कारण उनकी कार अनियंत्रित हो गई। वहीं पहले से खड़ी आल्टो कार के ड्राइवर साइड के पीछे का टायर पंचर हो जाने के कारण विकास त्रिपाठी टायर चेंज कर रहे थे। तभी पीछे से आई कार ने विकास त्रिपाठी व कार को जोरदार टक्कर मार दी और करीब 20-25 मीटर दूर तक घिसटती चली गई। विकास त्रिपाठी आशापुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में किसी काम से आए थे और वह अपने घर जेके लाल बंगला, कानपुर जा रहे थे। पंचर होने के कारण वह टायर बदल रहे थे। हादसे में उन्हें काफी चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज भेजा गया, जहां हालत सीरियस होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों गाड़ियों को थाने ले आया गया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
