उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश करते हुए मानवता परिवार के सदस्यों ने स्वर्गीय लेखपाल महेंद्र प्रताप की मृतक नामिनी उर्मिला देवी के खाते में ₹3,16,000 (तीन लाख सोलह हजार रुपये) की आर्थिक सहायता सीधे हस्तांतरित की। यह राशि मात्र ₹200 प्रति सदस्य के सहयोग से एकत्र की गई, जिसने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि संगठित समाज किसी भी संकट में मजबूत ढाल बन सकता है। जनपद के रियाज कॉलोनी, वर्मा चौराहा निवासी स्व. महेंद्र प्रताप के आकस्मिक निधन के बाद मानवता परिवार उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ा हुआ। संगठन के लगभग 1500 सक्रिय सदस्यों के सामूहिक योगदान से यह सहायता राशि निर्धारित नियमों के तहत उपलब्ध कराई गई। संस्था के नियमानुसार, 90 दिनों से अधिक सदस्यता रखने वाले सदस्य की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाता है। सक्रिय सदस्य के निधन की स्थिति में प्रत्येक सदस्य न्यूनतम ₹200 का योगदान देता है। साथ ही दुर्घटना में इलाज हेतु ₹1,00,000 तक तथा गंभीर दुर्घटना या गंभीर बीमारी की दशा में ₹10,00,000 तक सहायता का प्रावधान है। संस्था के संस्थापक हिमांशु कुमार ने बताया कि इससे पूर्व भी मानवता परिवार द्वारा स्वर्गीय सीताराम साहू के परिवार को ₹3,07,000 की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने इस मानवीय अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्था के डायरेक्टर एवं संस्थापक हिमांशु कुमार, प्रदेश/मंडल प्रभारी अभिलाष कुमार, प्रयागराज जिला प्रभारी डॉ. दीपेश पटेल, फतेहपुर जिला प्रभारी अरुण सिंह, असोथर ब्लॉक प्रभारी पंकज सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप सिंह, अनुराग सहित परिवार के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मानवता परिवार की यह पहल संकटग्रस्त एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी है और समाज में संगठित सहयोग की सशक्त मिसाल स्थापित करती है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

