उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में जिस दिन गांव में मां दुर्गा की विदाई के साथ खुशियों व आस्था का माहौल था, उसी दिन एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। दशहरा के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाब में नहाने उतरे पांच किशोर गहरे पानी में समा गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने आनन-फानन में बचाव शुरू किया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से पांचों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन किशोरों की सांसें थम चुकी थीं। दो अन्य किशोरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। त्योहार के बीच तीन किशोरों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए बुधवार दोपहर दर्जनों ग्रामीण गांव के किनारे स्थित तालाब पहुंचे थे। प्रतिमा विसर्जन के बाद गांव निवासी बबलू साहू का 17 वर्षीय बेटा राजन साहू, गोवर्धन का 17 वर्षीय बेटा अभिमन्यु और आदित्य का 16 वर्षीय बेटा राजू अपने साथी यशवंत और हर्ष के साथ तालाब में नहाने लगे। इसी दौरान पांचों किशोर गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। किशोरों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सभी को तालाब से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद पांचों किशोरों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राजन साहू, अभिमन्यु और राजू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, यशवंत और हर्ष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में त्योहार की तैयारियां और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। तीन किशोरों की मौत की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्यवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। दशहरा के दिन हुआ यह दर्दनाक हादसा तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

