उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव में स्थित देशी शराब के ठेके पर अराजक तत्वों द्वारा सेल्समैन को मारपीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था मे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ डॉक्टर ने जाँच के उपरांत मृत घोषित कर दिया। वही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कल देर रात्रि थाना बिंदकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम दुर्गई में डायल-112 पर समय करीब 01:50 बजे सूचना प्राप्त हुई कि देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह के साथ मारपीट की गई है तथा ठेके की चाबी निकालकर उसमें रखे कुछ रुपये भी निकाल लिए गए हैं। सूचना पर तत्काल पीआरवी मौके पर पहुँची, जहाँ सतेंद्र सिंह घायल अवस्था में मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सभी उच्चाधिकारियों और मेरे द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। जिसमें पाया गया कि सतेंद्र सिंह रात्रि करीब 12:15 बजे वहाँ सोए थे। ठेके के पास ही एक कैंटीन है तथा कैंटीन और ठेके के बीच कुछ खाट बिछी हुई हैं, जहाँ वह सो रहे थे। उनके सिर पर किस वस्तु से वार किया गया, इसकी जाँच के दौरान कुछ दूरी पर एक तिरपाल के अंदर खून लगा हुआ पेड़ की एक डाली मिली, जिससे प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि उसी डाली से उनके सिर पर वार किया गया होगा। ठेके की बिक्री का हिसाब-किताब देखने पर पता चला कि कल दोपहर 02:00 बजे कलेक्शन करने आए व्यक्ति द्वारा रुपये एकत्र किए गए थे। इसके बाद दोपहर 02:00 बजे से हिसाब देखने पर देशी शराब के 90 पाउच की बिक्री होना पाया गया। इस आधार पर ठेके से करीब 5 से 6 हजार रुपये कम पाए गए हैं। फिलहाल सभी पहलुओं पर जाँच की जा रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी में रखा गया है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है तथा प्रकरण में सभी पहलुओं पर जाँच-पड़ताल की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share