उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आयोजित हो रही प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को पूर्णतः नकल विहीन, पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत आज जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था* तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश व चेकिंग प्रक्रिया का सूक्ष्मता से जायजा लिया गया। केंद्र व्यवस्थापकों एवं वहां तैनात ड्यूटी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा जारी की गई गाइडलाइन और मानकों का अक्षरशः पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग के उपरांत ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केंद्रों के आस-पास कानून-व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा किसी भी अवांछित व्यक्ति या भीड़ को एकत्र न होने दिया जाए। साथ ही, परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन हेतु यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखने के भी कड़े निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन एवं पुलिस PET-2026 परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। परीक्षा की शुचिता भंग करने या किसी भी प्रकार की भ्रामक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोरतम वैधानिक कार्यवाई अमल में लाई जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

