उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के विजयीपुर विकास खंड के किशनपुर स्थित कृषि मंडी में सोमवार से सरकारी धान खरीद शुरू हो जाएगी। इसके लिए विपणन विभाग ने कृषि मंडी परिसर में अपना क्रय केंद्र स्थापित कर लिया है। रविवार को विभाग की ओर से खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गईं। केंद्र पर बोरी, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नापतौल मशीन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस मामले में केंद्र प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीद के लिए धान में अधिकतम 17 प्रतिशत नमी होनी चाहिए। किसानों को टोकन लेकर केंद्र पर धान लाना होगा। खरीद के 48 घंटे के अंदर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से खसरा-खतौनी, बैंक पासबुक और आधार कार्ड साथ लाने के साथ ही साफ-सुथरा धान केंद्र पर लाने की अपील की है। किसानों से निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा गया है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

