उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के चखेड़ी गांव में मंगलवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 43 वर्षीय युवक ने कथित रूप से गृह कलह के चलते घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार चखेड़ी निवासी राजेन्द्र मौर्या (43) पुत्र स्व. सूर्य कुमार मौर्या ने मंगलवार दोपहर अपने घर के अंदर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा। आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक के चचेरे भाई बबलू मौर्या ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मलवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए विच्छेदन गृह भेज दिया। प्रथम दृष्टया घटना का कारण गृह कलह बताया जा रहा है। हालांकि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाई की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share