उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिला मुख्यालय स्थित नहर कालोनी परिसर में गुरुवार को दोपहर ढाई बजे भाकियू महात्मा टिकैत के जिलाध्यक्ष मधुसूदन तिवारी के नेतृत्व में बैठक एवं धरना दिया गया, जहां मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय महामंत्री रामदत्त मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान कई लोगों को संगठन में शामिल करते हुए माला पहनाकर स्वागत किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री रामदत्त मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हर माह 28 तारीख को संगठन की मासिक बैठक होती है, किंतु 28 तारीख को हमारे संरक्षक राजू सिंह जी के पिताजी एवं तेज सिंह भाई के बड़े भाई का निधन हो जाने के कारण सभी पदाधिकारी अंत्येष्टि में गए थे। इस वजह से 28 तारीख की बैठक निरस्त कर आज 5 तारीख को रखी गई है, जिसमें केवल प्रमुख पदाधिकारियों को ही बुलाया गया है और कुछ नए लोगों का संगठन में मनोनयन किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस समय किसानों के सामने मुख्य रूप से दो ही प्रमुख समस्याएं हैं। खाद और उर्वरकों की उपलब्धता व कालाबाजारी पर रोक: समितियों और प्राइवेट दुकानों में डीएपी, यूरिया, पोटाश और जिंक पूरी तरह से उपलब्ध कराया जाए। कहीं भी ओवररेटिंग (तय कीमत से अधिक दाम) न हो। यदि ओवररेटिंग पाई जाती है तो इसके जिम्मेदार कृषि अधिकारी और एआर होंगे। धान खरीद केंद्रों का संचालन: सरकार ने 1 नवंबर से पूरे प्रदेश में धान खरीद केंद्र चालू कर दिए हैं। यदि कहीं पर भी खरीद केंद्र खुला नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। हम जिलाधिकारी महोदय से इसकी मांग करते हैं। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि इस समय किसानों की ये दो मुख्य समस्याएं हल कराई जाएं। किसान जब बुवाई से फुर्सत पाएगा, तब अगली लड़ाई और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

