उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के दरियाबाद में यमुना नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला का शव अंतिम संस्कार के बाद नदी में बहकर किनारे लग गया है। वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी शव के कहीं दूसरी जगह से बहकर आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक शव करीब 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटा रही है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
