उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में जनरेटर का डीजल कम होने पर दोनों भाई डीजल लेने के लिए पेट्रोल पंप बाइक पर निकले थे। रास्ते में फिसलकर बिजली पोल से टकरा गए। पोल का तार जमीन पर गिरा और दोनों झुलस गए। जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो भाईयों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जानकारी के अनुसार औंग थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी अवधपाल की पुत्री तनु की बारात कानपुर के किदवई नगर से सोमवार रात आई थी। अगवानी के दौरान जनरेटर का डीजल कम हो गया। तनु का सगा भाई दीपक (24), चचेरा भाई फौजी संदीप (25) बाइक से डीजल लेने पेट्रोल पंप गए थे। लौटते समय रामपुर इंडस्ट्रियल एरिया में बाइक बिजली पोल से टकरा गई। टकराने से बिजली तार नीचे गिर गया और करंट दौड़ने से दोनों बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष कांति सिंह ने बताया कि बाइक फिसलकर बिजली के पोल से टकराई थी। जिससे तार टूट गया था और दोनों करंट की चपेट में आ गए थे। उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उधर जब यह खबर परिजनों को हुई तो उनके बीच कोहराम मच गया। बराती व जनातियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चीख-पुकार के बीच माहौल गमगीन हो गया। उधर दो भाईयों की मौत की खबर सुनकर शादी के जोड़े में बैठी दुल्हन के भी होश उड़ गए। नाते-रिश्तेदारों ने उसे समझाया-बुझाया और शादी की रस्मे आगे बढ़ाई गई। सुबह बहन की विदाई हो गई। तत्पश्चात दोनों भाईयों के शवों का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कराया गया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!