G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में वर्षों से उपेक्षा का शिकार आदिवासी समाज को उसके अधिकार दिलाने के लिए भारतीय आदिवासी गिहार महासभा देश के विभिन्न प्रदेशों में वंचित समाज के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। समाज के लोगों को उनका हक दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा। यह बातें भारतीय आदिवासी गिहार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश गिहार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। शनिवार को शहर के पटेल नगर स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश गिहार ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री समेत 31 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने बताया कि संगठन में चंद्रशेखर गिहार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अजय गिहार, रामाशंकर गिहार, जिलेदार सिंह और कामता प्रसाद को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं हंसराज को महामंत्री तथा अनिल गिहार को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा संगठन में कुल 31 सदस्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किए जा चुके हैं और जल्द ही अन्य राज्यों तक भी संगठन की पहुंच बनाई जाएगी। उनका कहना था कि आदिवासी एवं घुमंतू जातियों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक अधिकार सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से संगठन की स्थापना की गई थी, जो अब व्यापक रूप ले रहा है। ओम प्रकाश गिहार ने कहा कि आदिवासी समाज का लंबे समय से राजनीतिक शोषण किया गया है और उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है। अब समाज अपनी उपेक्षा और अपमान को और बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दल चुनाव के समय वोट लेने के बाद समाज को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और ओडिशा सहित कई राज्यों में आदिवासी समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। संगठन इन समुदायों को जागरूक कर मुख्यधारा से जोड़ने के लिए देशभर में अपनी उपस्थिति मजबूत करेगा। साथ ही उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में समाज को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जाएगा। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं समाज के लोग मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share