उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सरकण्डी खास गांव में जमीन बटवारे और सहन में बल्ली गाड़ने को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में असोथर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, फावड़ा और सब्बल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार सरकण्डी खास निवासी छोट्टन कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 23 जून की सुबह पुरानी रंजिश और पारिवारिक विवाद को लेकर उसके भाई प्रदुम कुमार, पिता भगवानदीन उर्फ भगोनवा तथा उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने कुल्हाड़ी, फावड़ा और सब्बल से हमला कर दिया, जिससे प्रदुम कुमार और भगवानदीन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को इलाज के लिए फतेहपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में प्रदुम कुमार की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि कमलेश पुत्र भगवानदीन उर्फ भगोनवा और केवल कुमारी पत्नी दशरथ उर्फ संदीप को मनावा मोड़-सरकण्डी रोड से गिरफ्तार किया गया। वहीं दशरथ उर्फ संदीप निषाद पुत्र भगवानदीन उर्फ भगोनवा तथा उसके साले लवलेश पुत्र अमरजीत निषाद को थाना किशनपुर क्षेत्र के रमसगरा गांव से दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए गए। कमलेश के पास से एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। वहीं दशरथ उर्फ संदीप की निशानदेही पर एक फावड़ा तथा लवलेश की निशानदेही पर एक सब्बल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों हथियार मारपीट की घटना में प्रयुक्त किए गए थे। हालांकि महिला आरोपी केवल कुमारी के पास से कोई बरामदगी नहीं हुई। पूछताछ में आरोपियों ने पारिवारिक विवाद और कहासुनी के बाद गुस्से में आकर मारपीट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्यवाई शुरू कर दी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

