उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पाण्डु नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पर डायल 112 और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मगरमच्छ गहरे पानी में चला गया, जिसके कारण रेस्क्यू नहीं हो सका। मामला अभयपुर ग्राम पंचायत के दरियापुर गांव के पास का है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह नदी किनारे नहाने और जानवरों को पानी पिलाने गए लोगों ने नदी में मगरमच्छ को देखा। देखते ही देखते पूरे गांव में खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर जानकारी दी। सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र बिष्ट और वनरक्षक महेंद्र प्रताप टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन मगरमच्छ पानी में ओझल हो जाने से पकड़ा नहीं जा सका।ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मगरमच्छ का रेस्क्यू नहीं होता, तब तक नदी में जाना खतरे से खाली नहीं है। जानवरों को पानी पिलाने और खेतों में जाने में भी डर लग रहा है। ग्राम प्रधान रामदास ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक मगरमच्छ पकड़ा नहीं जाता, सभी लोग सतर्क रहें और बच्चों व जानवरों को अकेले नदी किनारे न ले जाएं, ताकि किसी प्रकार का हादसा न हो। वहीं वन क्षेत्राधिकारी रविंद्र बिष्ट ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। बहुत जल्द मगरमच्छ को पकड़कर ग्रामीणों को राहत दिलाई जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share