उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को फतेहपुर दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA घोषणापत्र को लेकर जमकर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने कहा, देखिए सौ-सौ चूहे खा के बिल्ली हज को चली। उन्होंने कहा कि जिन अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए कन्नौज में भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम के मेडिकल कॉलेज का बोर्ड हटा दिया, उनका नाम बदल दिया, वो दलितों के हितैषी कैसे हो सकते हैं। केशव मौर्य ने आगे कहा कि अखिलेश के मुख्यमंत्री रहते हुए उनके चाचा मोहम्मद आजम खान ने गाजियाबाद में बाबा साहब के चित्र वाले विग्रह को भू-माफिया कहा था, उस समय मंच पर बैठे अखिलेश यादव हंस रहे थे। ऐसे लोग बाबा साहब के अनुयायी नहीं हो सकते, ये दलितों-पिछड़ों के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव संविधान के नाम पर सोच रहे हैं कि जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार के सहारे कुछ ज्यादा सीटें जीत ले गए और गुब्बारे में हवा भर गई, तो सपा और कांग्रेस दोनों का अहंकार बढ़ गया था। लेकिन उस अहंकार को हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता ने चकनाचूर कर दिया है, वहां कमल खिल चुका है। राहुल गांधी के आंदोलन पर भी उन्होंने कहा कि वो विदेशी शक्तियों के सहारे अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनु श्रीवास्तव, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा, विधायक विकास गुप्ता, सहित भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

