उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में शनिवार को माह के चौथे शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना मलवां पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। थाना समाधान दिवस के दौरान कुल 92 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 69 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जबकि 23 शिकायतें पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की टीम द्वारा 11 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया। वहीं, पुलिस विभाग से संबंधित सात शिकायतों का भी समाधान किया गया। इस प्रकार कुल 18 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। विशेष रूप से राजस्व से संबंधित मामलों में संबंधित टीम को मौके पर जाकर स्थिति का सत्यापन करने और नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान लोगों की शिकायतें सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना समाधान दिवस का उद्देश्य पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर उनका प्रभावी समाधान करना है, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

