उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव में देशी शराब की दुकान के सेल्समैन की हत्या और नकदी लूट की घटना का पुलिस ने 12 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटी गई एक लाख 41 हजार रुपये की पूरी नकदी, वारदात में इस्तेमाल खून से सना लकड़ी का बोटा और घटना के समय पहनी गई खून के छींटों वाली सफेद टीशर्ट बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, उधार के 50 हजार रुपये वापस मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, दुर्गई गांव निवासी सतेंद्र सिंह चौहान (28) देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन था। दुकान बंद करने के बाद वह पास में बने टीनशेड के बरामदे में सोता था। 23 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे उसके पिता कुंवर बहादुर सिंह को सूचना मिली कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सतेंद्र के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया है। परिजन घायल सतेंद्र को मेडिकल कॉलेज, अल्लीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर दुकान का ताला खुला मिला और बिक्री की नकदी गायब थी। मृतक के पिता की तहरीर पर थाना बिंदकी में मुकदमा संख्या 356/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 309(2) में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिंदकी के मार्गदर्शन में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना और सुरागरसी के दौरान कृष्णा तिवारी का नाम सामने आया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सफेद रंग के इलेक्ट्रिक ऑटो से लूटी गई नकदी लेकर जोनिहा से चांदपुर मार्ग होते हुए हमीरपुर की ओर जाने वाला है। इस पर पुलिस टीम ने शहजादीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान ऑटो की डिग्गी से एक लाख 41 हजार रुपये नकद और घटना के समय पहनी गई सफेद टीशर्ट बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सतेंद्र से 50 हजार रुपये उधार लिए थे, जिन्हें सतेंद्र वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। आरोपी के अनुसार, वह पहले घर चला गया, लेकिन बाद में दोबारा शराब की दुकान के पास पहुंचा और वहां पड़े लकड़ी के बोटे से सतेंद्र के सिर पर दो बार प्रहार कर दिया। इसके बाद उसने तकिए के नीचे रखी दुकान की चाबी लेकर ताला खोला और गल्ले में रखे एक लाख 41 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने लकड़ी के बोटे को दुकान के पीछे खाली स्थान पर काली पन्नी के नीचे छिपा दिया था, जबकि नकदी और टीशर्ट इलेक्ट्रिक ऑटो की डिग्गी में रखी थी। पुलिस ने लकड़ी का बोटा भी बरामद कर लिया है और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी कृष्णा तिवारी पुत्र गिरीश तिवारी, निवासी दुर्गई, थाना बिंदकी, उम्र करीब 19 वर्ष को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शैलेश सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक हनुमान प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सावन कुमार पटेल, आरक्षी नरेंद्र प्रताप बुंदेला, आरक्षी विजय शंकर और महिला आरक्षी शालिनी शामिल रहीं।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Share
Share