उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट में बालक वर्ग में सुदर्शन फुटबॉल क्लब और बालिका वर्ग में डायमंड फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मानव सेवा संस्थान एवं जिला खेल संघ के संयुक्त तत्वावधान में 28 और 29 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में जिले की चार बालक और चार बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। 19 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग में फतेहपुर स्पोर्टिंग फुटबॉल क्लब ने टाइगर फुटबॉल क्लब को 5-2 से हराया। वहीं, बालिका वर्ग में डायमंड फुटबॉल क्लब ने राइजिंग स्टार फुटबॉल क्लब को 4-0 से पराजित किया, जबकि ग्रीन स्टोन फुटबॉल क्लब ने ब्लू स्टोन फुटबॉल क्लब को 2-0 से शिकस्त दी। दूसरे दिन भी खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। बालक वर्ग में सुदर्शन फुटबॉल क्लब ने ओमनी फुटबॉल क्लब को 4-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में सुदर्शन फुटबॉल क्लब और फतेहपुर स्पोर्टिंग फुटबॉल क्लब के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। कड़े संघर्ष के बाद सुदर्शन फुटबॉल क्लब ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग के फाइनल में डायमंड फुटबॉल क्लब ने राइजिंग स्टार फुटबॉल क्लब को 4-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। समापन समारोह में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बालक बालिकाओं को खेलों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना चाहिए। जिला खेल संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे ने कहा कि जिले में फुटबॉल सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए नियमित प्रतियोगिताओं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर खेल सुविधाओं पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने बालिकाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बदलाव बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य और जिला खेल संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडे ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, स्मृति चिह्न और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी सुनील भारती, क्रीड़ा शिक्षिका पूजा गुप्ता, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार, मीडिया प्रभारी अजय सिंह चौहान, अंसार अहमद और अमजद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन की सफलता पर अतिथियों ने मानव सेवा संस्थान की टीम के प्रयासों की सराहना की। संस्थान की ओर से तेजल शर्मा ने खिलाड़ियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता को जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

