उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की खागा कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की शाम एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार की शाम करीब पांच बजे आरपीएफ की ओर से पुलिस को रेलवे खंभा संख्या 430/17 के पास ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच पड़ा था। मृतक की गर्दन कटी हुई थी और उसका एक हाथ भी कट गया था। ट्रेन की चपेट में आने से शरीर और कपड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। खेतों में मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक काफी समय से रेलवे ट्रैक के आसपास घूम रहा था। फिलहाल पुलिस शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
