उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए जन सुविधा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से भरे जाने वाले फॉर्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टियों की समस्या के निवारण के लिए विकास भवन सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/ उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण में निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने के लिए पात्र नागरिकों द्वारा ऑफलाइन के अतिरिक्त ऑनलाइन अथवा जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से किए जाने वाले आवेदनों में दोहराव रोकना तथा आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित बनाना है, उसके उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने के लिए फॉर्म-6 भरते समय विशेष सावधानियां बरतना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कई बार आवेदन जमा करने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर रेफरेंस नंबर का संदेश प्राप्त न होने अथवा पोर्टल की प्रक्रिया में विलंब होने के कारण आवेदक या जन सुविधा केंद्र संचालक दोबारा आवेदन कर देते हैं। इससे एक ही आवेदक के एक से अधिक आवेदन दर्ज होने की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने निर्देश देते हुए बताया कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक का नाम, पिता, माता अथवा पति का नाम, जन्मतिथि, पता एवं अन्य आवश्यक विवरण संबंधित दस्तावेजों के अनुसार सही-सही अंकित किए जाएं। आवेदन में सही एवं सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज किया जाए तथा ओटीपी प्राप्त होने और सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रतीक्षा करें। उन्होंने कहा कि आवेदन को अंतिम रूप से जमा करने से पहले सभी विवरणों की भलीभांति जांच की जाए। जन सुविधा केंद्र संचालक आवेदन में दर्ज जानकारी संबंधित आवेदक को दिखाकर उसकी पुष्टि अवश्य कराएं, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। आवेदन जमा करते समय सबमिट बटन केवल एक बार क्लिक किया जाए। पोर्टल धीमा होने अथवा तकनीकी कारणों से प्रक्रिया में विलंब होने पर बार-बार सबमिट बटन न दबाया जाए। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर आवेदक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि आवेदन की स्थिति स्पष्ट न होने पर नया फॉर्म भरने से पहले पूर्व में किए गए आवेदन की स्थिति एवं रेफरेंस नंबर की जांच अवश्य की जाए। किसी प्रकार की तकनीकी समस्या होने पर संबंधित तकनीकी सहायता केंद्र अथवा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी सीएससी संचालकों से कहा कि विधानसभा निर्वाचक नामावली में पात्र नागरिकों के नाम सम्मिलित कराने की प्रक्रिया में मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित एसओपी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक बहु-प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आवेदन प्रक्रिया सुचारु रूप से सम्पन्न हो। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जन सुविधा केंद्र (सीएससी) संचालक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
