उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में सुबह खेत जाते समय युवक का मोबाइल फोन छीनकर फरार हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह करीब 6:15 बजे विजयीपुर गांव निवासी निरंकुश कुमार मौर्य मोबाइल पर बात करते हुए खेत की ओर जा रहे थे। तभी मोटर साइकिल सवार तीन युवकों में पीछे बैठे एक युवक ने उनका मोबाइल छीन लिया और तीनों नरैनी की ओर भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर किशनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रकाश में आए तीन आरोपियों खेमराज द्विवेदी उर्फ कल्लू द्विवेदी (23), मौजीलाल (20) और मोहन द्विवेदी (18) निवासी नरैनी, थाना किशनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, खेमराज द्विवेदी उर्फ कल्लू के खिलाफ किशनपुर थाने में वर्ष 2023 और 2024 के मारपीट, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं के तीन पुराने मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्तमान मोबाइल छिनैती का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं मौजीलाल और मोहन द्विवेदी का आपराधिक इतिहास इसी मामले से संबंधित बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अखिलेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल रामउजागर शुक्ल, शिवशंकर, दीपक वर्मा, विवेक कुमार सिंह और काशीनाथ सिंह यादव शामिल रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views: 0

By

Share
Share