उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के जन्मदिवस पर शनिवार को हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में उनके सम्मान में निर्मित स्मृति द्वार का भव्य उद्घाटन विधायक ऊषा मौर्य ने किया। हथगाम अंबापुर मार्ग पर एफसीआई गल्ला गोदाम के समीप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक ऊषा मौर्य ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, नौजवानों और समाज के पिछड़े एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में समर्पित किया। उन्होंने समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। नेताजी ने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की राजनीति को प्राथमिकता दी। उनके संघर्ष, सादगी और जनसेवा के आदर्श हमेशा समाजवादी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके नाम पर निर्मित यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और योगदान की याद दिलाता रहेगा। विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नेताजी के विचारों और समाजवादी सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने बूथ स्तर तक पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में युवा सपा नेता विकल्प मौर्य, ग्राम प्रधान संजीत यादव, फैय्याज अहमद, कमलेश मौर्य, रामनारायण मौर्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, सेक्टर प्रभारी, जोनल प्रभारी, बूथ प्रभारी एवं बूथ लेवल एजेंट समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

Total Views:
0
