उत्तर प्रदेश प्रतापगढ़ जिले में मस्जिद में नमाज की अजान दे रहे मौलाना की विद्युत करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा है। हथिगवां थाना क्षेत्र के सरायसैद खां निवासी मो जावेद 28 वर्ष पुत्र बादशाह जीवकोपार्जन के लिए मुंबई शहर में प्राइवेट नौकरी करता था। 2 माह पूर्व कंपनी से छुट्टी लेकर अपने घर आया था आया था। मोहर्रम का त्यौहार हो जाने के बाद वह मुंबई जाने की योजना बनाया था।

गांव के बीच में एक मस्जिद बनी हुई है। जहां पर गांव के मुस्लिम समाज के लोग नमाज पढ़ते हैं। मस्जिद में सिर्फ जुमे की नमाज पढ़ाने के लिए मौलाना बाहर से आते हैं। शेष दिनों के लिए गांव के ही लोग बारी बारी से अजान देते तथा नमाज पढ़ते हैं। मोहम्मद जावेद जब से अपने घर आया है, तब से वह प्रतिदिन मौलाना के सहायक के रूप में अजान देने का काम कर रहा था। गुरुवार को गांव में बिजली का अधिक वोल्टेज आ जाने के कारण तमाम लोगों के बिजली के घरेलू उपकरण जल गए। मस्जिद में भी जिस माइक से अजान दी जाती है।

उसमें भी अधिक वोल्टेज होने के कारण माइक में हाई वोल्टेज का करंट चल रहा था। लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। गुरुवार की दोपहर की नमाज के समय मोहम्मद जावेद जैसे ही माइक पकड़ कर अजान देने लगा, तो वह करंट की चपेट में आ गया। परंतु अजान की आवाज देते ही अचानक आवाज बंद हो गई तो गांव का एक आदमी मस्जिद के अंदर पहुंचा, तो देखा कि अचेत अवस्था में हाथ में माइक पकड़े जावेद फर्श पर पड़ा हुआ है। उसके हल्ला गुहार मचाने पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह उसे करंट की चपेट से अलग किया। लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडा ले जाया गया।

जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मृत घोषित करते ही दर्जनों की संख्या में साथ आए लोगों में कोहराम मच गया। हॉस्पिटल में ही लोग रोने चिल्लाने लगे। सूचना पर पहुंची हथिगवा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मृतक जावेद की 5 वर्ष पूर्व नाजिया बानो के साथ शादी हुई थी। दोनों के वैवाहिक जीवन में दो बेटे बड़ा बेटा फहद 3 वर्ष अहद 1 वर्ष अबोध बेटे हैं।: + शाहबाज खान की खास रिपोर्ट

By