उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में शादी समारोह से वापस लौट रहे बाइक सवार दोस्तों को सड़क किनारे अनियंत्रित ट्रेलर ने टक्कर मार दिया। जिससे एक दोस्त की मौके पर मौत हो गई। वहीं दूसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी धीरेन्द्र प्रताप सिंह का पुत्र दशरथ सिंह (20) अपने दोस्त शैलेश कुमार के साथ सोमवार की रात बहुआ कस्बे से शादी समारोह में शामिल होने के बाद बाइक से वापस फतेहपुर जा रहा था। तभी रात एक बजे उसे ललौली थाना क्षेत्र के खटौली गांव के पास बांदा टांडा हाइवे में उसका दोस्त चांदपुर थाना क्षेत्र के देवचली गांव निवासी राहुल कुमार (26) पुत्र छेदीलाल मिल गया। तीनों दोस्तों ने बाइक सड़क किनारे खड़ी करके आपस में बातचीत करने लगे। तभी शहर से बांदा की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में टक्कर मारते हुए दशरथ सिंह और राहुल कुमार को टक्कर मार दिया। जिससे दशरथ सिंह की मौके पर मौत हो गई और राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक दशरथ सिंह के शव को मोर्चरी भेज दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार को एंबुलेंस से सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने हैलेट कानपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायल राहुल कुमार को लखनऊ स्थित केजीएमयू अस्पताल में भर्ती कराया है। दशरथ सिंह की मौत से मां प्रियंका देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक अपने भाइयों रुद्र प्रताप सिंह (14) और आयुष सिंह (06) से बड़ा था और शहर स्थित एक आरओ प्लांट में मजदूरी का काम करता था। वहीं घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता ने ट्रेलर और चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया है कि चालक का पता लगाकर कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

