उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 22 फरवरी 2026 को मेगा शिविर/बृहद सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर के सचिव (पूर्णकालिक) ने जानकारी देते हुए बताया कि मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर द्वारा जनपद न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही जनपद न्यायाधीश के निर्देशानुसार शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में प्री-मेगा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा लाभार्थियों का चिन्हांकन किया गया तथा उन्हें पोर्टल पर पंजीकृत किया गया। प्री-मेगा शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रोबेशन कार्यालय, जिला चिकित्सा विभाग, पशुपालन विभाग, जिला दिव्यांगजन कल्याण विभाग, रेशम विभाग, जिला खाद्य एवं रसद विभाग, खनन विभाग, राजस्व विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला उद्योग केंद्र, मत्स्य विभाग, श्रम विभाग, नगर पालिका परिषद फतेहपुर एवं वन स्टॉप सेंटर सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर में योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं का लाभ मिल सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

