उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के बिंदकी में एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि करीब 12:00 बजे बिंदकी कस्बे के फरीदपुर मोड़ स्थित एक गेस्ट हाउस में हुई। गोली चलने के बाद शादी कार्यक्रम में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घायल व्यक्ति की पहचान रवि प्रताप सिंह (लगभग 40 वर्ष) पुत्र चंद्रभान सिंह, निवासी मोहन पुरवा, थाना मटौंध, जनपद बांदा के रूप में हुई है।

सीने में गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदकी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल रवि प्रताप सिंह ने पूछताछ में बताया है कि वह यह नहीं देख पाए कि गोली किसने चलाई। प्रभारी निरीक्षक ने आगे कहा कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की हालत स्थिर है और उसका इलाज चल रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!