उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक ऊषा मौर्य ने ग्रामीण क्षेत्र में संचालित पशुचिकित्सा केंद्रों की जर्जर स्थिति पर चिंता जताते हुए उनके मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति, विधान सभा उत्तर प्रदेश को पत्र प्रेषित किया है। विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर, हथगाम, पलिया बुजुर्ग (छिवलहा) एवं हुसैनगंज में संचालित पशुचिकित्सा केंद्रों के भवन अत्यंत जर्जर हैं। परिसरों में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है तथा व्यवस्थाएं असुरक्षित बनी हुई हैं, जिसके कारण ग्रामीणों को पर्याप्त पशुचिकित्सा सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान एवं मजदूरों की आय का मुख्य स्रोत पशुपालन है। पशुओं के समय पर उपचार न मिलने से उनकी मृत्यु हो जाती है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है और उनके जीवन-यापन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विधायक उषा मौर्य ने समिति से अनुरोध किया है कि संबंधित पशुचिकित्सा केंद्रों के भवनों की मरम्मत कराकर उन्हें स्टाफ के बैठने योग्य बनाया जाए तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग पशु चिकित्सालयों का समुचित लाभ ले सकें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

