उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के जोगी मजरे गढ़ी गांव में बीती रात एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पलटू डेरा मजरे गम्हरी निवासी गुलजार निषाद ने अपनी 25 वर्षीय पुत्री ज्ञानमती की शादी करीब चार वर्ष पूर्व जोगी मजरे गढ़ी निवासी रमेश निषाद के पुत्र विजय निषाद के साथ की थी। विजय पेशे से राजमिस्त्री है और वर्तमान में बांदा जनपद के सेमगरा में मकान निर्माण का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि घटना की रात ज्ञानमती अपने सास-ससुर के साथ घर पर थी। रात में खाना बनाने के बाद वह रोज की तरह अपने दूसरे मकान में दोनों बच्चों के साथ सोने चली गई। सुबह करीब छह बजे उसकी तीन वर्षीय बेटी जानवी दूसरे घर पहुंची और अपने दादा से बताया कि “मम्मी झूला झूल रही हैं।” इस पर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि ज्ञानमती छत के छल्ले से साड़ी के सहारे फांसी पर लटकी हुई थी। घटना की सूचना ससुराल पक्ष द्वारा मायके वालों को दी गई। मौके पर पहुंचे पिता गुलजार निषाद, बहन पूनम व अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पति विजय निषाद ने बताया कि उसकी पत्नी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं रहती थी, जिसका इलाज कराया जा रहा था। उसने बताया कि करीब 20 दिन पहले वह पत्नी को बागेश्वर धाम भी ले गया था। घटना के समय वह बांदा जनपद में काम कर रहा था और सूचना मिलने पर घर पहुंचा। मृतिका के दो बच्चे हैं तीन वर्षीय बेटी जानवी और चार माह का बेटा बबलू। थाना अध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला द्वारा साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!