उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर में छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और सही दिशा-निर्देशन के उद्देश्य से गुरुवार को एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का विषय “21वीं सदी की चुनौतियां और कैरियर के अवसर” रहा, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन डायट प्राचार्य के निर्देशन में किया गया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बदलते समय में उपलब्ध कैरियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यक्तित्व विकास व नई तकनीकी संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। सेमिनार के दौरान मानसिक स्वास्थ्य और कैरियर, स्वरोजगार व उद्यमिता, भविष्य की तकनीक व कैरियर चयन में अभिभावकों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी प्रदान किया। प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया, जिससे उन्हें अपने लक्ष्य तय करने में मदद मिली। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश मौर्य ने कहा कि कैरियर में सफलता के लिए सबसे पहले अपनी रुचि को पहचानना जरूरी है। रुचि के अनुरूप चुना गया क्षेत्र ही दीर्घकाल में सफलता दिलाता है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की सलाह दी। संदर्भदाता के रूप में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रशांत कुमार साकेत पीजी कॉलेज, अयोध्या, प्रधानाचार्य राहुल दुबे राजकीय इंटर कॉलेज, पूरबशरीरा व डायट प्रवक्ता वंदना सिंह ने छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए मार्गदर्शन किया। अंत में डायट प्राचार्य निधि शुक्ला ने छात्रों को कैरियर के प्रति सजग रहने और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सतत प्रयासरत रहने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रमोद कुमार सेठ व शबीह मुस्तफा ने किया, जबकि मंच संचालन सुरेशचंद्र मिश्र ने किया। इस अवसर पर शबनम सिद्दीकी, अनामिका सिंह, देवेंद्र मिश्र सहित अन्य प्रवक्ता उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

