उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में अहिल्या आर्मी भारत एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र पाल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ग्राम सरवल (ब्लॉक असोथर) की मूलभूत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम सरवल का आधा हिस्सा आज भी बदहाली, कीचड़ और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर है, जबकि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए नाराजगी जताई। बताया गया कि गांव के एक हिस्से में विकास कार्य हुए हैं, जबकि दूसरा हिस्सा आज भी दलदल में फंसा हुआ है। कई स्थानों पर पक्की सड़क का अभाव है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बारिश के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा एंबुलेंस जैसी आपात सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। इसके अलावा कई परिवार अब भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं और पात्र होने के बावजूद सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव के जर्जर मार्गों पर तत्काल सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाए, नाली निर्माण व सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!