उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में उत्तर प्रदेशीय सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कल्याण परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष विष्णु दयाल गुप्ता एवं मंत्री रशीद अहमद के नेतृत्व में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि विगत कई वर्षों से सेवानिवृत्त प्राथमिक शिक्षक कर्मचारियों की भांति कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग करते आ रहे हैं। यह मांग विभिन्न मंत्रीगण, बेसिक शिक्षा मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के माध्यम से लगातार उठाई जाती रही है, लेकिन यह कहकर वंचित रखा गया कि यह सुविधा केवल राज्य कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद दी जाती है। शिक्षकों ने उल्लेख किया कि शिक्षक दिवस (05 सितम्बर 2025) के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं अशासकीय शिक्षकों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के बाद सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी उम्मीद जगी थी कि उन्हें इस सुविधा का लाभ मिलेगा। हालांकि, शासनादेश जारी होने के बाद भी पेंशनभोगी शिक्षकों को इस सुविधा से वंचित रखा गया है, जिससे उनमें निराशा व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया कि सेवानिवृत्त शिक्षक, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित किया है, आज भी सामाजिक और राष्ट्रीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलना चाहिए। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि संवेदनशीलता दिखाते हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों के लिए भी कैशलेस एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान करने हेतु आवश्यक शासनादेश जारी किया जाए। इस मौके पर मोहम्मद फहीम, देवनारायण यादव, लालता प्रसाद गुप्त, मोहम्मद सईद सिद्दीकी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share