उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय किसान इलियास की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलियास पुत्र महबूब सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चना लादने जा रहे थे। इसी दौरान ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर अचानक ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली को सीधा कर इलियास को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी राबिया का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों में पुत्री अल्फा (14 वर्ष), पुत्र अफजल (10 वर्ष) और अशरफ (8 वर्ष) को छोड़ गए हैं। ग्राम प्रधान बाबूराम सोनकर ने बताया कि इलियास खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह पांच भाइयों में सबसे छोटे थे, जबकि उनके एक बड़े भाई का लगभग तीन वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो चुका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार, पुलिस को सूचना नहीं दी गई है और मृतक का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया जाएगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share