उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रदेश शासन द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा संचालित किया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को जागरूक किया। इस दौरान मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल का आयोजन कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया गया। चौपालों के माध्यम से महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित व विधिसम्मत निस्तारण के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए अपराधों की रोकथाम और आत्मरक्षा के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही cybercrime. gov.in पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

