उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में फोरम फॉर एडवांसिंग वुमेन्स एजेंडा (फावा) एवं वात्सल्य लखनऊ के सहयोग से नेहरू युवा संगठन-टीसी, फतेहपुर द्वारा संचालित “बेटी शिक्षा अभियान—अब डिजिटल हुई उड़ान” विषयक दस दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन विकास खंड भिटौरा के ग्राम सकूलपुर में किया गया। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रथ के माध्यम से समुदाय एवं किशोरी बालिकाओं तक शिक्षा और डिजिटल सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाया गया। समापन के अवसर पर ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर भिटौरा दिप्ती रिछारिया ने कहा कि आज के समय में बालिकाओं के लिए डिजिटल जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। डिजिटल माध्यमों से छात्राएं नई जानकारियां, देश-विदेश की खबरें, शिक्षा में नए प्रयोग, रोजगार के अवसर तथा सरकारी योजनाओं तक आसानी से पहुंच बना सकती हैं। साथ ही उन्होंने चेताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए सतर्कता जरूरी है। कार्यक्रम में थाना हुसेनगंज के पुलिस बाल कल्याण अधिकारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाठक ने साइबर सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों के कॉल, वीडियो कॉल या व्हाट्सऐप कॉल से बचें, निजी एवं संवेदनशील तस्वीरें साझा न करें, प्रोफाइल को सुरक्षित (लॉक) रखें और किसी भी संदिग्ध लिंक को न खोलें। इसके अलावा उन्होंने पासवर्ड समय-समय पर बदलने, व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करने की भी सलाह दी। किसी भी साइबर समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दस दिवसीय अभियान के दौरान डिजिटल साथी का चयन एवं प्रशिक्षण, सामुदायिक बैठकें, घर-घर संपर्क अभियान, सांप-सीढ़ी जैसे खेलों के माध्यम से डिजिटल उपयोग के फायदे और जोखिमों की जानकारी, हस्ताक्षर अभियान, पंपलेट वितरण, सोशल मीडिया गेम, जागरूकता रैली और प्रचार रथ जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। यह अभियान विकास खंड भिटौरा के सरैला, सकूलपुर, सातमील, हुसेनगंज एवं अरबपुर गांवों में संचालित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था प्रमुख राजेंद्र प्रसाद साहू, समन्वयक रंजना, सहयोगी सुधांशू द्विवेदी, सलमा खान, नसरीन सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share