उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (फेज-2) के अंतर्गत जनपद फतेहपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति एवं एंटीरोमियो टीमों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत थाना स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। रविवार को चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस टीमों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा तथा आत्मरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108, बाल हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के बारे में जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

