उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिले के सिराथू क्षेत्र के राजकीय विद्यालय कसिया में बुधवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. सारिका के नेतृत्व में हुआ, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जहां शिक्षिका कविता सिंह ने बच्चों को पृथ्वी दिवस के महत्व, उद्देश्य और इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह थीम पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को मजबूत करने, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने पर केंद्रित है। साथ ही बच्चों को समझाया गया कि स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसके बाद विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, वृक्षारोपण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाए। बच्चों की रचनात्मकता में “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ”, “जल है तो कल है” और “स्वच्छ धरती, सुरक्षित भविष्य” जैसे संदेश स्पष्ट रूप से झलकते दिखे। शिक्षकों ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण के प्रति सजग और जिम्मेदार बनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापिका डॉ. सारिका, शिक्षिका कविता सिंह, दीपा सिंह, उमा देवी, प्रतिभा सिंह सहित समस्त स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को अपनाने का प्रण लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण जागरूकता का संदेश गूंजता रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में प्रकृति के प्रति संवेदन शीलता विकसित करना तथा उन्हें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करना रहा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share