उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के धाता विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा प्रसिद्धपुर, अढौली तथा आसपास के गांवों में अन्ना गोवंश, नीलगाय और बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इन जानवरों के कारण किसानों की गन्ने की नई फसल भारी नुकसान की चपेट में आ गई है। किसानों का कहना है कि दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद फसलों को बचा पाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में सुबह लगभग 9:30 बजे किसान मुकेश सिंह के खेत में अन्ना जानवरों का झुंड घुस गया और गन्ने की नई फसल को चरने लगा। किसान मुकेश सिंह ने बताया कि उन्होंने इस वर्ष अपने खेत में दो वर्षीय गन्ने की बुवाई की थी। खेत में छोटे-छोटे पौधे निकलने शुरू ही हुए थे कि अन्ना गोवंश और नीलगायों ने फसल को रौंदकर और चरकर नुकसान पहुंचा रहें हैं। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो पूरी मेहनत और लागत बर्बाद हो जाएगी। इसी प्रकार प्रसिद्धपुर गांव के किसान सागर सिंह और सुरेश सिंह ने भी अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनकी गन्ने की फसल को अन्ना गोवंश, नीलगाय और बंदरों ने इतना नुकसान पहुंचाया है कि अब उन्हें फसल उजाड़कर दूसरी फसल बोने पर मजबूर होना पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि फसलों की सुरक्षा के लिए रातभर खेतों में जागकर पहरा देना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र की कई ग्राम सभाओं में गौशालाएं मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में अन्ना गोवंश खुलेआम घूम रहे हैं। गांव वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अन्ना गोवंश, नीलगाय और बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि किसानों की फसलों को बचाया जा सके और उन्हें आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

