G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में अटेवा पेंशन बचाओ मंच की आसोथर ब्लॉक इकाई की बैठक शुक्रवार को गाजीपुर चौराहा स्थित धर्मशाला में ब्लॉक संयोजक राम सेवक पाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली, संगठन विस्तार एवं आगामी आंदोलनों की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन के विभिन्न रिक्त पदों पर मनोनयन भी किया गया। सर्वसम्मति से धर्मराज को ब्लॉक मंत्री तथा संदीप साहू को ब्लॉक सोशल मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए बृजेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) को संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक यह लड़ाई जन आंदोलन का रूप नहीं लेगी, तब तक सरकार कर्मचारियों की आवाज नहीं सुनेगी। ब्लॉक महामंत्री पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह अपने साथियों को भी आंदोलन से जोड़े और संगठन को मजबूत बनाए। ब्लॉक इकाई की सहसंयोजिका मंजू देवी ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों का संवैधानिक अधिकार है और इसे हर हाल में प्राप्त किया जाएगा। वहीं जिला महामंत्री महेंद्र मौर्य ने कहा कि पेंशन कोई खैरात नहीं बल्कि कर्मचारियों के वेतन का वह हिस्सा है, जो सेवानिवृत्ति के बाद सुरक्षा के रूप में मिलता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने इसी अधिकार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नवनियुक्त ब्लॉक सोशल मीडिया प्रभारी संदीप साहू ने कहा कि संगठन को माध्यमिक शिक्षा, पंचायती राज तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों तक भी मजबूती से पहुंचाना होगा, ताकि आंदोलन को और व्यापक बनाया जा सके। योगेश द्विवेदी ने कहा कि बिना पेंशन के बुजुर्ग अवस्था की कल्पना भी भयावह है, इसलिए सभी कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। वहीं शिवकरण गुप्ता ने कहा कि अटेवा ही ऐसा संगठन है जो कर्मचारियों और शिक्षकों के भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन के लिए तन, मन और धन से कार्य करते हुए पुरानी पेंशन बहाली तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में जिला अध्यक्ष निधन सिंह ने शिक्षक एवं कर्मचारियों से आगामी आंदोलनों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में फतेहपुर जनपद में अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिला अधिवेशन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियों में सभी कर्मचारियों एवं शिक्षकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक का संचालन संदीप यादव ने किया, जबकि जिला कोषाध्यक्ष देवेन्द्र पाण्डेय ने उपस्थित सभी शिक्षक-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में रामरूप, अमरदीप, सुशील कुमार, अजीत सिंह, कैलाश किशोर, श्रीप्रकाश, नवीन पाल, कृष्ण पाल, राजू मौर्य, धर्मेंद्र पाल, वीरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार गुप्ता, रामनरेश पाल, राजेश कुमार, रतन स्वरूप, रामबाबू पाल, शिवभोले पाल, सुनीता देवी, कौशल किशोर, रानी देवी, साकेत कुमार सेन, प्यारेलाल पाल सहित लगभग एक सैकड़ा शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share